जमशेदपुर की मनीषा चन्द्रा ने जीता “मिस झारखंड्स राइजिंग टैलेंट सीजन-03” का खिताब


जमशेदपुर : झारखंड की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में से एक, “मिस्टर एवं मिस झारखंड्स राइजिंग टैलेंट सीजन-03” का ग्रैंड फिनाले धनबाद के ‘द वेडिंग बेल्स’ में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में जमशेदपुर की मनीषा चन्द्रा ने ‘मिस कैटेगरी’ (Miss Category) में विजेता का ताज पहनकर पूरे राज्य का नाम रोशन किया है।

मनीषा चन्द्रा ने अपने आत्मविश्वासपूर्ण रैंप वॉक और प्रभावशाली व्यक्तित्व के माध्यम से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। अपनी जीत के उपरांत मनीषा ने कहा, “यह जीत मेरे लिए गर्व का विषय है। मैं झारखंड की अन्य बेटियों के लिए एक प्रेरणा बनना चाहती हूँ ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ें।”
द आइकॉनिक ईव एंटरटेनमेंट द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता ने अपने सफल 3 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस वर्ष मिस्टर एवं मिस श्रेणियों के साथ-साथ ‘किड्स’ एवं ‘मिसेज’ वर्ग में भी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उच्च स्तरीय कोरियोग्राफी और निष्पक्ष निर्णायक प्रक्रिया ने सभी अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता के संस्थापक एवं निर्देशक श्री सोनु सिंह ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य झारखंड के युवाओं, महिलाओं और बच्चों को एक सशक्त, सुरक्षित और भरोसेमंद मंच प्रदान करना है। आयोजन की सफलता का श्रेय उन्होंने अपनी टीम के उत्कृष्ट प्रबंधन, समर्पण और प्रोफेशनलिज़्म को दिया, जिसकी सराहना कार्यक्रम में मौजूद सभी गणमान्य व्यक्तियों ने की। द आइकॉनिक ईव एंटरटेनमेंट झारखंड की एक प्रमुख संस्था है जो युवाओं की प्रतिभा को तराशने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्यरत है।



