जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य ने राज्यपाल से की मुलाकात, जर्जर भवन व विस्तार के लिए मांगा सहयोग


जमशेदपुर : जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के नव नियुक्त प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार ने राजभवन रांची में राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात की। वे कोल्हान विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य (राज्यपाल नामित) भी हैं। मुलाकात का उद्देश्य कॉलेज की वर्तमान शैक्षणिक और भौतिक स्थिति से अवगत कराना था।

इस दौरान डॉ. राजीव कुमार ने महाविद्यालय की आधारभूत संरचना, शैक्षणिक गतिविधियों और छात्रों के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कॉलेज के कई भवन जर्जर अवस्था में हैं, जिससे पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में कठिनाई आ रही है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित भवन, आधुनिक कक्षाएं, सुसज्जित पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं और छात्र-हित से जुड़े संसाधनों का विकास जरूरी है, ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्राचार्य ने कॉलेज की वर्तमान स्थिति और विकास योजनाओं से संबंधित विस्तृत सूचना पुस्तिका भी राज्यपाल को सौंपी। साथ ही कॉलेज परिसर के पास स्थित खाली जमीन को शैक्षणिक विस्तार के लिए हस्तांतरित कराने में सहयोग का अनुरोध किया।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त भूमि मिलने से नए शैक्षणिक भवन और छात्र सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी। राज्यपाल ने समस्याओं और प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य ने राज्यपाल को कॉलेज के आगामी शैक्षणिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। राज्यपाल ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कॉलेज आने की सहमति दी।
कॉलेज प्रबंधन का मानना है कि यह मुलाकात संस्थान के समग्र विकास और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



