जमशेदपुर : बिजली समस्याओं को लेकर जदयू ने दिया ज्ञापन, 10 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन की चेतावनी


जमशेदपुर :- जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक अजीत कुमार से मिला और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने बताया कि बिरसानगर, लक्ष्मीनगर, बर्मामाइंस, भुईंयाडीह, मनीफीट, लालभट्ठा, बाबूडीह, कल्याणनगर, विद्यापति नगर, बारीडीह बस्ती, बाबुननगर, बागुनहातु, मोहरदा-मुराकाटी, रॉक गार्डन जैसे क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बेहद अनियमित है जिससे आमजन, खासकर छात्र परेशान हैं। ट्रांसफार्मरों के चारों ओर झाड़ियां उग आई हैं, तार झूल रहे हैं, कई पोल क्षतिग्रस्त हैं जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। परसुडीह में हाल ही में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जिससे लोगों में डर का माहौल है। पश्चिमी विधानसभा के उलियान, भाटिया बस्ती, कुमरुम बस्ती, गुरुद्वारा बस्ती, उड़ुयाबेड़ा, बालीगुमा, रामनगर, रामजन्मनगर, बच्चा सिंह बस्ती, कुसमनगर, बागेबस्ती में पिछले एक माह से बिजली बार-बार जाती है और दिन में 30 से 50 मिनट तक कटौती आम बात हो गई है। नए मकानों में कनेक्शन दिए जा रहे हैं पर ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई जा रही है जिससे सप्लाई बाधित हो रही है। इन सभी समस्याओं को लेकर एक मांग पत्र भी सौंपा गया। महाप्रबंधक अजीत कुमार ने भरोसा दिलाया कि गुरुवार को सुपरिटेंडिंग इंजीनियर की अध्यक्षता में एक टीम गठित की जाएगी और 10 दिनों के भीतर सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी और जहां जरूरत होगी वहां नई लाइन बिछाई जाएगी। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को यह आश्वासन भी दिया कि समय-समय पर समाधान की जानकारी भी दी जाएगी। सुबोध श्रीवास्तव ने स्पष्ट कहा कि अगर 10 दिन में समाधान नहीं हुआ तो जदयू आंदोलन करेगा। ज्ञापन देने वालों में अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू, हरेराम सिंह, नीरज सिंह, चंद्रशेखर राव, सुधीर सिंह, अमित शर्मा, भास्कर मुखी, दुर्गा राव, अमृता मिश्रा, ममता सिंह, प्रकाश कोया, जीतेंद्र सिंह, विकास साहनी, विकास रजक, तारक मुखर्जी, चुन्नू भूमिज, विनोद राय, संजीव सिंह, दिलीप प्रजापति, विजय सिंह, दिनेश्वर कुमार, विनोद सिंह, दिनेश सिंह, अशोक कुमार समेत अन्य लोग शामिल थे।




