भारत में नेपाल-बांग्लादेश जैसी स्थिति वाले बयान पर इरफान अंसारी की सफाई, PM मोदी से की यह अपील

रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने भारत में नेपाल और बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा होने संबंधी अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। मंत्री के मुताबिक, उनकी केवल इतनी मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाया जाए। ऐसा होने पर देश में शांति कायम हो जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस मांग पर ध्यान देने की अपील की।


अपने बयान को स्पष्ट करते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि बांग्लादेश में लोगों ने सरकार चुनी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। इसी तरह नेपाल में भी युवाओं की अनदेखी हुई। उन्होंने कहा कि जब लोगों के अधिकार छीने जाते हैं तो उनके पास सड़कों पर उतरने के अलावा क्या विकल्प बचता है। मंत्री ने यह भी कहा कि भारत में आपातकाल जैसी स्थिति बन सकती है, हालांकि उन्हें विश्वास है कि राहुल गांधी जनता को शांत रखेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले डॉ इरफान अंसारी ने कहा था कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समय रहते सचेत नहीं हुए तो देश की स्थिति बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर हो सकती है। उन्होंने दिल्ली में करीब 40 लाख युवाओं के सड़कों पर उतरने और राहुल गांधी के अगले कदम का इंतजार करने का दावा किया था। मंत्री ने किसान, दलित, आदिवासी और मुस्लिम समुदाय के लोगों की परेशानियों का भी जिक्र किया.


