सूरजकुंड मेला हादसे में निरीक्षक की मौत, वेंडर पर केस दर्ज


सूरजकुंड: सूरजकुंड मेला में शनिवार (7 फरवरी) शाम एक झूला टूटने से गंभीर हादसा हुआ. इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद हरियाणा पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद घायल हो गए और इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. डीजीपी हरियाणा अजय सिंघल ने उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले निरीक्षक प्रसाद के साहस, समर्पण और मानवता की सराहना की. उन्होंने कहा कि कठिन और जोखिम भरे हालातों में भी निरीक्षक ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों को बचाने का प्रयास किया. जिससे कई जीवन बचाए गए.हादसे के समय मेले की मुख्य चौपाल और छोटी चौपाल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होने वाले थे. छोटी चौपाल पर गायक नवीन पूनिया की प्रस्तुति पूरी हो चुकी थी. हादसे के बाद मुख्य चौपाल पर स्टैंडअप कॉमेडियन अमित टंडन और गायिका शिबानी कश्यप के कार्यक्रम रद्द कर दिए गए और पूरे मेला परिसर को खाली कराया गया. देर रात हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा मेला पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. उन्होंने बताया कि कुल 12 लोग घायल हुए, जिनमें आठ सुप्रीम अस्पताल और चार नागरिक अस्पताल में भर्ती हैं. समय पर इलाज मिलने के कारण सभी की स्थिति खतरे से बाहर है.दुर्घटना में नीलय (सहायक उपनिरीक्षक), पत्नी विजयपाल निवासी बादशाहपुर, सुनील पुत्र रविन्द्र निवासी आरोहा, जिला महेंद्रगढ़ हर्ष प्रकाश पुत्र रामप्रकाश निवासी एफ-176, पॉकेट-1, ग्रेटर नोएडा प्रशांत पुत्र शंकर लाल निवासी दूबेपुर, जिला धौलपुर (राजस्थान) अनिशा पुत्री जितेन्द्र निवासी मकान नं. 20, पार्ट-2, फरीदाबाद शिवानी पुत्री रमेश निवासी विरोना टावर, सेक्टर-78 नोएडा तथा परविंदर (अन्य विवरण प्रतीक्षित) घायल हुए हैं. सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है.




