सोनारी में अवैध हथियार फैक्ट्री मामला: समीर सरदार ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया


जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा उजागर की गई अवैध हथियार (गन) फैक्ट्री मामले में मुख्य आरोपी समीर सरदार ने मंगलवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। यह मामला कई माह से पुलिस जांच की निगरानी में था और आरोपी फरार चल रहा था।

पुलिस ने पहले ही इस क्राइम नेटवर्क का भंडाफोड़ कर टिल्लू भट्टा बस्ती में एक अवैध गन बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी थी। छापेमारी के दौरान वहां से कई हथियार बनाने के उपकरण, अधबने हथियार, देशी कट्टा, छह जिंदा गोलियां, गांजा, नकद तथा अन्य सामग्री बरामद हुई थी। समीर सरदार और उसके सहयोगी मनोज केराई के खिलाफ पुलिस ने इश्तिहार तामिला कर ढोलक बजाकर जनता को सूचित भी किया था और 10 फरवरी तक आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया था।
समीर सरदार के कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के बाद न्यायालय ने आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में दर्ज कई गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की पहचान तथा नेटवर्क के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
समीर सरदार पर पहले से हत्या, फायरिंग और हथियारों से जुड़े अन्य मामलों में भी मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले जमानत पर बाहर चल रहा था, लेकिन इस अवैध हथियार फैक्ट्री के खुलासे के बाद अब उसका आत्मसमर्पण हुआ है।



