सरायकेला : जिले में गृह रक्षकों (होमगार्ड) के नए नामांकन के लिए शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा 17 मार्च 2026 से आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा सरायकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में होगी, जिसमें कुल 11,866 अभ्यर्थी भाग लेंगे। परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लूनायत ने स्टेडियम का संयुक्त निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
Advertisements

Advertisements

अधिकारियों ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सुबह 5:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में केवल अभ्यर्थियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जबकि उनके साथ आए परिजनों को निर्धारित स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मैदान में सहायता केंद्र, चिकित्सा केंद्र और पंजीकरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे, साथ ही दिशा-निर्देश के लिए साइनबोर्ड भी लगाए जाएंगे।
भर्ती परीक्षा प्रखंडवार अलग-अलग तिथियों पर आयोजित होगी। 17 मार्च को कुकड़ू (888 अभ्यर्थी), 18 मार्च को कुचाई (1189), 19 मार्च को गम्हरिया (1086), 23 और 24 मार्च को ईचागढ़ (1535), 28 मार्च को चांडिल (1149), 1 और 2 अप्रैल को राजनगर (1778), 4 अप्रैल को सरायकेला (1317), 6 अप्रैल को खरसावां (1291), 7 अप्रैल को नीमडीह (1168), 8 अप्रैल को शहरी गैर-तकनीकी श्रेणी (293) और 9 अप्रैल को शहरी तकनीकी श्रेणी (172) अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने की बात कही है।