हिंदू जागरण मंच ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाया युवा दिवस


जमशेदपुर: हिंदू जागरण मंच, जमशेदपुर महानगर द्वारा समाज भवन में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर युवा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के विचारों और आदर्शों को स्मरण करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी गई। मंच के जिलाध्यक्ष बलवीर कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति को नई पहचान दिलाई और युवाओं को अपने जीवन के उद्देश्य को समझने की दिशा दी। उनके विचार आज भी हमें प्रेरित करते हैं।”


कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों ने हिस्सा लिया, जिनमें आजसू जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी, बारीडीह मंडल के पूर्व अध्यक्ष संतोष ठाकुर, रमन सिंह, गोलमुरी मंडल के पूर्व अध्यक्ष प्रोबिर चटर्जी राणा, गोलमुरी मंडल भाजपा के अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, नागेश राव, और नवीन तिवारी प्रमुख रूप से शामिल थे। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने युवाओं को सकारात्मक बदलाव लाने, समाजसेवा के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
हिंदू जागरण मंच ने इस अवसर पर युवाओं से संगठित होकर समाज और देश की सेवा करने की अपील की। मंच ने युवाओं को यह विश्वास दिलाया कि उनकी ऊर्जा और विचारशीलता देश को एक नई दिशा देने में सहायक हो सकते हैं। कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित कर और उनके विचारों पर चलने का संकल्प लेकर किया गया।
