आज गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट, अगले 3 दिन भी बरसेंगे बादल






जमशेदपुर : शहर में सोमवार सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी हुई है और दिनभर रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां समेत दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रांची और खूंटी के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश हो सकती है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


लगातार बारिश से शहर के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है। हालांकि बागबेड़ा के बड़ौदा घाट के पास खरकई नदी का जलस्तर कम होना राहत की बात है। मौसम विभाग के अनुसार 18 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई जिलों में भी कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र का असर राज्य के मौसम पर पड़ रहा है।
आंकड़ों के मुताबिक 15 अगस्त तक झारखंड में सामान्य रूप से 668 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि करीब 550 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से 18 प्रतिशत कम है। मौसम विशेषज्ञों ने तेज बारिश और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है। लगातार बारिश और जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका को देखते हुए साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।


