30 जून और 1 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी से बढ़ी चिंता



रांची : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची मौसम केंद्र ने झारखंड में 28 जून से 2 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। 29 जून, 30 जून और 1 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 28 जून और 2 जुलाई के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बनने वाले संभावित कम दबाव के क्षेत्र और झारखंड से गुजर रहे ईस्ट-वेस्ट ट्रफ के प्रभाव से राज्य में वर्षा की गतिविधियां तेज रहेंगी।

30 जून को रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की आशंका है। वहीं गुमला, हजारीबाग, सिमडेगा, गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, जामताड़ा, पूर्वी सिंहभूम, लातेहार और लोहरदगा में भारी बारिश हो सकती है। 1 जुलाई को गुमला, गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार और लोहरदगा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रांची, रामगढ़, बोकारो, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग और सिमडेगा में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात, तेज हवाओं, जलजमाव और संभावित भू-स्खलन को देखते हुए सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।


