बहरागोड़ा कॉलेज में नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. एसपी महालिक का भव्य स्वागत, छात्रहित और पारदर्शिता पर दिया जोर


बहरागोड़ा में बुधवार को बहरागोड़ा कॉलेज के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. एसपी महालिक का महाविद्यालय परिसर में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व छात्र नेता पिकलु घोष और महाविद्यालय छात्र संघ के पूर्व सचिव यादव पात्र के संयुक्त नेतृत्व में किया गया।

समारोह के दौरान छात्र नेताओं ने डॉ. एसपी महालिक को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल व सशक्त कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और पूर्व छात्र मौजूद रहे।
इस अवसर पर पिकलु घोष ने कहा कि डॉ. महालिक के नेतृत्व में बहरागोड़ा कॉलेज शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और समग्र विकास की दिशा में नए मानक स्थापित करेगा। वहीं, यादव पात्र ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान के लिए योग्य, अनुभवी और कर्मठ प्राचार्य का मिलना पूरे क्षेत्र के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. महालिक का शैक्षणिक अनुभव और प्रशासनिक क्षमता कॉलेज को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
स्वागत समारोह में संबोधित करते हुए डॉ. एसपी महालिक ने सभी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि छात्रहित, शैक्षणिक सुधार और पारदर्शी प्रशासन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। कॉलेज के विकास के लिए उन्होंने सभी के सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में पूर्व छात्र नेता जगन्नाथ नायक, श्यामसुंदर पाल, राजू महतो, देव कुमार विशाल, आदित्य भोक्ता, देव मंडल, देवराज पाल, प्रतीक दे, मुकेश सीट, सुबीर बासुरी सहित कई छात्र एवं पूर्व छात्र उपस्थित रहे।



