छात्राओं की दंत जांच और महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के लिए नि:शुल्क शिविर आयोजित

गढ़वा : इनर व्हील क्लब ऑफ गढ़वा ग्लोरियस की ओर से बुधवार को राजकीय मध्य कन्या विद्यालय, गढ़वा के परिसर में नि:शुल्क दंत चिकित्सा एवं महिला स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दंत चिकित्सक डॉ प्रीति गुप्ता ने छात्राओं के दांत और मसूड़ों की जांच की। कैविटी, पायरिया, दांत दर्द समेत अन्य समस्याओं से संबंधित छात्राओं को प्राथमिक उपचार और जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गयी। गंभीर समस्या पाए जाने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी गयी। छात्राओं को दिन में दो बार ब्रश करने, फ्लॉसिंग करने और मीठे व चिपचिपे खाद्य पदार्थों के सेवन के बाद दांतों की उचित सफाई करने के लिए भी जागरूक किया गया।


विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं अन्य महिलाओं की स्वास्थ्य जांच पल्स डायग्नोस्टिक सेंटर के प्रोपराइटर सह लैब टेक्नीशियन सतीश ठाकुर ने की। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, वजन और बॉडी मास इंडेक्स की नि:शुल्क जांच की गयी। महिलाओं को एनीमिया से बचाव के लिए पौष्टिक आहार लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गयी।
क्लब की अध्यक्ष दीपाली अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ नारी स्वस्थ समाज की नींव है और ऐसे शिविरों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को समय पर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और जरूरी चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आयोजन के लिए क्लब की टीम का आभार जताया। शिविर में क्लब की सचिव अंकिता अग्रवाल, रुचि अग्रवाल, श्वेता सोनी, शोभा सोनी, प्रीति गुप्ता, श्वेता अग्रवाल, शालिनी अग्रवाल, विनीता आनंद, खुशबू गुप्ता सहित अन्य सदस्य, चिकित्सकीय दल, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं स्थानीय महिलाएं उपस्थित थीं।


