वाहनों पर 40 से 80 प्रतिशत छूट के नाम पर कथित ठगी, चार आरोपी गिरफ्तार

गिरिडीह : बाइक से लेकर एसयूवी तक की शोरूम कीमत पर 40 से 80 प्रतिशत तक छूट देने का दावा करने वाली राधास्वामी संगठन की वाहन योजना कथित ठगी के आरोपों के बाद जांच के घेरे में है। पुलिस ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा, उनकी पत्नी और जिला प्रभारी अनिशा सिन्हा, अनिशा के भाई सुमित सिन्हा तथा संगठन के विजिलेंस ऑफिसर सुबोध सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी अमजद अंसारी की शिकायत के आधार पर हुई है। डीएसपी आरके राणा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।


पुलिस के अनुसार, योजना में लोगों से वाहन की कीमत का सिर्फ 20 से 40 प्रतिशत भुगतान करने को कहा जाता था और दावा किया जाता था कि बाकी किस्त संगठन चुकाएगा। शिकायत के मुताबिक शुरुआती कुछ महीनों तक कई लाभुकों की किस्तें जमा की गईं, लेकिन बाद में भुगतान बंद हो गया। डीएसपी आरके राणा के मुताबिक प्रथम दृष्टया करीब 10 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है और जांच आगे बढ़ने पर रकम बढ़ सकती है। पुलिस अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस वाहन योजना के साथ कन्यादान, टेंट-डेकोरेशन और आवास योजना से जुड़े लेन-देन तथा लाभुकों की शिकायतों की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार अनिशा सिन्हा वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में गिरिडीह विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं, जहां वह मंत्री सुदिव्य कुमार और भाजपा नेता निर्भय शाहबादी के खिलाफ मैदान में थीं। अब संगठन से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच जारी है।


