₹29.88 लाख का बिजली बिल भेजा, दशमलव की गलती से 100 यूनिट बने 10 हजार

रांची : पिठौरिया प्रखंड के पोनकी गांव में राजमिस्त्री का काम करने वाले कैलाश को अगस्त महीने का 29 लाख 88 हजार रुपये का बिजली बिल भेज दिया गया। कैलाश के तीन कमरों के घर में केवल तीन बल्ब और तीन पंखे हैं। बिजली कनेक्शन उनकी मां रूपन देवी के नाम पर है। भारी-भरकम बिल मिलने के बाद कैलाश कई दिनों तक मानसिक रूप से परेशान रहे। मामला सामने आने के बाद बुधवार को बिजली विभाग ने बिल में सुधार कर दिया।

यह गड़बड़ी केवल कैलाश तक सीमित नहीं रही। कोकोदरो पंचायत में दर्जनों उपभोक्ताओं के बिल में इसी तरह की विसंगति सामने आई। बालो गांव के किसान किशोर महतो को 1 लाख 25 हजार 490 रुपये का बिल भेजा गया, जबकि भाकपा माले कार्यकर्ता तुलसी राम रवि के फरवरी महीने की खपत 15,005 यूनिट दर्ज कर 1 लाख 15 हजार 275 रुपये का बिल जारी किया गया।
न्यू कैपिटल डिविजन के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार के अनुसार, पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान अंतिम रीडिंग दर्ज करने में दशमलव की गड़बड़ी हुई। उदाहरण के तौर पर 100.00 यूनिट दर्ज होने की जगह दशमलव हटने से 100 यूनिट 10 हजार यूनिट के रूप में सिस्टम में दर्ज हो गया और उसी आधार पर भारी बिल बन गए। विभाग अब ऐसी गड़बड़ी वाले सभी उपभोक्ताओं के बिल सुधार रहा है और रूपन देवी के नाम जारी करीब 29.88 लाख रुपये के बिल को भी दुरुस्त कर दिया गया है।


