पूर्व विधायक रमेश उरांव का निधन, कोलकाता में इलाज के दौरान ली अंतिम सांस; 20 अगस्त को अंतिम संस्कार

लोहरदगा : विशुनपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं श्रीराम समिति के मुख्य संरक्षक रमेश उरांव का निधन हो गया। उन्होंने 18 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ समय से बीमार थे और अस्पताल में उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। उनके निधन की खबर से लोहरदगा और विशुनपुर क्षेत्र में शोक की लहर है।रमेश उरांव का पार्थिव शरीर बुधवार शाम उनके पैतृक गांव अर्रू लाया जाएगा। अर्रू गांव लोहरदगा जिले के सेन्हा प्रखंड में स्थित है। परिजनों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार 20 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे पैतृक आवास में किया जाएगा। अंतिम संस्कार में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। रमेश उरांव के निधन पर समर्थकों, शुभचिंतकों और सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक जताया है। लोगों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।




