साकची गोलचक्कर पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की, 100 से अधिक अवैध तोते जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार


जमशेदपुर: साकची गोलचक्कर पर रविवार की शाम वन विभाग ने अवैध वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की। इस दौरान 100 से अधिक प्रतिबंधित तोते जब्त किए गए और दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलकाता से लाए जा रहे इन पंक्षियों को साकची और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने की योजना थी। वन विभाग को गुप्त सूचना मिली कि एक ऑटो में तोतों को बंद कर शहर में लाया जा रहा है। जैसे ही वाहन साकची गोलचक्कर के पास पहुंचा, टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पेटीयों में बंद दर्जनों अवैध तोते बरामद किए गए।
कार्यवाही के दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर वन्यजीवों की तस्करी का आरोप है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि और भी तोते अलग-अलग स्थानों पर छिपाए गए हैं। इस सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने आरोपियों को लेकर विभिन्न इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी है।
वन विभाग ने बताया कि जब्त किए गए तोतों कोलकाता से लाया गया था। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने कहा है कि वन्य जीवों की तस्करी एक गंभीर अपराध है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।



