पैदल गश्ती से अपराधियों में दहशत, संदिग्धों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई



सरायकेला : जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के लिए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त पर निकले। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।


गश्ती के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह भीड़ लगाने व अड्डेबाजी करने वालों को सख्त चेतावनी दी। थाना प्रभारी ने कहा कि लोग बिना किसी डर के अपना कारोबार करें और पुलिस को अपना सहयोगी समझें। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कानून-व्यवस्था मजबूत करने, अपराध पर अंकुश लगाने और सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


