नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में पहली बार एक मरीज के दोनों घुटनों का सफल प्रत्यारोपण

आदित्यपुर : नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ने सर्जरी के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में पहली बार एक ही मरीज के दोनों घुटनों का सफल प्रत्यारोपण किया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यहां पहले एक घुटने के प्रत्यारोपण की सर्जरी नियमित रूप से की जाती रही है, लेकिन एक साथ दोनों घुटनों का प्रत्यारोपण पहली बार किया गया है।


अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। प्रबंधन ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर कैथ लैब शुरू करने की तैयारी है। करीब दो महीने पहले एमआरआई सुविधा भी शुरू की जा चुकी है और अस्पताल में विभिन्न प्रकार की जांच उपलब्ध कराई जा रही हैं।
नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में 2026 बैच से 200 एमबीबीएस सीटों पर पढ़ाई शुरू होने जा रही है। पहले यहां 100 सीटें थीं, जिसमें 100 सीटों की वृद्धि की गई है। इसके अलावा रांची के बुंडू बाजार के पास करीब 25 एकड़ भूमि पर नेताजी मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का निर्माण चल रहा है। प्रबंधन के अनुसार वहां 23 जून 2027 से पहले ओपीडी सेवा शुरू करने और 2028 बैच से मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का संचालन प्रारंभ करने की योजना है।


