रोजगार की तलाश में निकला पिता पांच माह से लापता, सड़क हादसे में बेटे की मौत, परिवार ने लगाई मदद की गुहार

जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित बोलाइडीह में प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय के पास रहने वाले श्याम लोहार पिछले पांच माह से लापता हैं। परिवार के अनुसार, श्याम रोजगार की तलाश में हैदराबाद जाने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में उन्होंने फोन कर बताया था कि कुछ देर बाद ट्रेन से उतरने वाले हैं। इसके बाद उनका परिवार से संपर्क टूट गया। काफी समय बीत जाने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका है। घर में उनकी बुजुर्ग मां और पत्नी गीता उनके लौटने का इंतजार कर रही हैं।


इसी बीच परिवार को एक और बड़ा सदमा लगा। बीते 15 सितंबर की रात सड़क दुर्घटना में श्याम के 19 वर्षीय बेटे मोहित लोहार की मौत हो गई। पिता के लापता होने से परेशान परिवार अब जवान बेटे को खोने के दुख से भी गुजर रहा है। सबसे पीड़ादायक बात यह है कि श्याम तक उनके बेटे की मौत की खबर भी नहीं पहुंचाई जा सकी है। परिजनों को अब भी उनके सुरक्षित लौटने की उम्मीद है।
श्याम के लापता होने के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में श्याम की साली सीता इधर-उधर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। परिजनों ने सरकार और जिला प्रशासन से श्याम लोहार की तलाश में मदद करने की अपील की है, ताकि पांच माह से उनका इंतजार कर रहे परिवार को उनके बारे में कोई जानकारी मिल सके।


