दो घंटे के लिए घर से निकला परिवार, लौटते ही टूटा मिला ताला; ₹8 लाख के गहने और नकदी गायब






जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर गदरा स्थित गोकुल नगर में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। राजा शर्मा 15 अगस्त को अपनी सास की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल गए थे। करीब दो घंटे बाद शाम पांच बजे जब परिवार घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।


पीड़ित के अनुसार चोर घर से करीब 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। खास बात यह रही कि चोरों ने घर के दूसरे सामान को हाथ नहीं लगाया और सीधे लॉकर को निशाना बनाया। चोरी की घटना दोपहर करीब तीन से पांच बजे के बीच होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना पर परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, हालांकि अब तक कोई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की जानकारी नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।


