राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था कैसे मजबूत हो इस दिशा में निरंतर प्रयास चल रहा है : हेमंत सोरेन


Saraikela : – सितवांतो देवी ट्रस्ट द्वारा स्थापित नेताजी सुभाष मेडिकल कालेज एंड अस्पताल का आज विधिवत उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा
स्वास्थ्य के क्षेत्र में आज एक नया अध्याय सरायकेला जिले में प्रारंभ हुआ है. प्रथम बैच का कोर्स स्टार्ट है. आज मेरे द्वारा विधिवत उद्घाटन हुआ है. इस संस्थान ने लंबे अरसे से स्कूल से लेकर डिग्री कॉलेज तक खोलकर समाज में योगदान दे रही है. यह सराहनीय है. पांच साल में यह संस्थान पूरे शक्ल में आ जाएगा. ऐसे संस्थानों से आम लोगों की बड़ी उम्मीदें रहती है. चूंकि डॉक्टर भगवान के दूसरे रूप होते हैं. राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था कैसे मजबूत हो इस दिशा में निरंतर प्रयास चल रहा है. जिस लक्ष्य से आगे बढ़ रहे हैं जिससे कि आने वाले 5-7 वर्ष में यहां 25 से 30 मेडिकल कॉलेज स्थापित होंगे. इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड के लिए आज ऐतिहासिक दिन है. झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर काम कर रहा है जो मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश से संभव हो पा रहा है. राज्य में स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रस्ताव है जिसके लिए 12 जनवरी को दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ वार्ता तय है. उनसे झारखंड में हाई टेक लैब देने की मांग भी की जाएगी. झोले में मृत बच्चा ले जाने के मामले में जांच हुई, वह मात्र साढ़े तीन माह की थी. मोबाइल के टॉर्च में ऑपरेशन कर डॉक्टर ने मरीज की जान बचाई जिसे सरकार अवार्ड देने का काम करेगी. आज गाँव में स्वास्थ्य मेला लग रही है, चिकित्सक आपके द्वार पर जा रही है. गाँव में 740 अबुआ मेडिकल स्टोर सरकार खोलने का निर्णय लिया है. अतिथियों का स्वागत भाषण में चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ही हस्ताक्षर से हमें इस संस्थान की स्थापना के लिए जमीन मिली थी और आज उन्हीं के हाथों इसका उद्घाटन हुआ, जिसके लिए हमारा संस्थान उनका सदैव ऋणी रहेगा. उन्होंने बताया कि यहां 650 बेड के मल्टी हॉस्पिटेलिटी सुविधा के साथ एमबीबीएस के 100 सीटों की मान्यता मिली है जिसके प्रथम बैच की पढ़ाई शुभारंभ हो चुकी है. स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार ने कहा कि राज्य में प्राइवेट सेक्टर के क्षेत्र में यह तीसरा मेडिकल कॉलेज है, राज्य में अब तक कुल 10 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं. इसके बावजूद यहां 60 हजार की आबादी पर एक डॉक्टर उपलब्ध हैं जबकि विधिवत 1000 की आबादी पर एक डॉक्टर होना चाहिए. मुख्यमंत्री ने पीपीपी मोड पर 4 मेडिकल कॉलेज को स्वीकृति दी गई है. अगले 4 वर्षों में राज्य में 20 मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित है. इसके साथ ही राज्य के मेडिकल कॉलेज में यूजी सीट 2600 और पीजी सीट 750 करने का भी लक्ष्य निर्धारित है. ये बड़ी उपलब्धि राज्य सरकार हासिल करने वाली है. उन्होंने सभी आयुष्मान कार्ड धारकों का निःशुल्क इलाज करने की अपील की. इस मौके पर क्षेत्र की सांसद जोबा मांझी, विधायक मंगल कालिंदी, दशरथ गागराई, सविता महतो, समीर मोहंती, सोमेश चंद्र सोरेन, स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता मौजूद रहे. संचालन दीपिका कुमारी ने किया. कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गान, गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन से हुआ. अतिथियों का स्वागत चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने गुलदस्ता और अंग वस्त्र देकर किया.




