आदित्यपुर के स्क्रैप व्यापारी के यहां ईडी की दबिश, 750 करोड़ के जीएसटी घोटाले से जुड़ा मामला


Saraikela: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह झारखंड के विभिन्न हिस्सों में एक साथ छापेमारी अभियान शुरू किया, जो जीएसटी से जुड़े एक बड़े घोटाले की जांच का हिस्सा है। इस कार्रवाई के तहत सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय स्क्रैप व्यवसायी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल के कई ठिकानों पर रेड की गई है। सूत्रों के अनुसार ईडी की टीम ने आदित्यपुर हथियाडीह स्थित शारदा एंडेवर्स नामक फैक्ट्री और जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्षेत्र के कांट्रैक्ट्स एरिया स्थित उनके आवास पर भी एक साथ दबिश दी है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने दस्तावेजों की गहनता से जांच की और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस समेत कई महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए जाने की संभावना जताई जा रही है। यह संपूर्ण कार्रवाई लगभग 750 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले से संबंधित है, जिसमें फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी के जरिए करोड़ों रुपये की हेराफेरी का आरोप है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी ज्ञानचंद जायसवाल को इसी घोटाले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, और अब ईडी द्वारा की जा रही यह कार्रवाई मामले की व्यापक जांच का हिस्सा मानी जा रही है। ईडी की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र और स्थानीय व्यापारिक हलकों में हड़कंप मच गया है।




