नशे में युवक का फरसे से हमला, दो घायल; आरोपी फरार

जमशेदपुर :सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह बल्ले कॉम्प्लेक्स के पास बुधवार को एक युवक ने नशे की हालत में बस्ती के लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर उसने घर से फरसा लाकर लोगों पर हमला कर दिया। घटना में पार्थो कुमार और अमन जायसवाल घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी सौरभ दास मौके से फरार हो गया।घायल अमन जायसवाल के अनुसार सौरभ दास अक्सर नशे में बस्ती में हंगामा करता है। उसके खिलाफ सीतारामडेरा थाना में सात से आठ बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उसका मनोबल बढ़ा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां नहीं मिला। घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने सीतारामडेरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।



