टाटा स्टील प्लांट में महिला ठेका कर्मचारी पर जानलेवा हमला, टीएमएच में भर्ती

जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में एक महिला ठेका कर्मचारी पर युवक द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना कोल्ड रोलिंग मिल (सीआरएम) की बताई जा रही है। महिला कर्मचारी गंभीर रूप से घायल है और उसे इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, महिला अपने प्लांट के रेस्ट हाउस में गई थी। इसी दौरान एक युवक नकाब लगाकर महिला रेस्ट रूम में घुस गया और उस पर हमला कर दिया।


हमलावर ने महिला पर भारी लोहे के उपकरण से वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। महिला के घायल होते ही युवक मौके से फरार हो गया। घायल महिला किसी तरह बाहर निकली और सुरक्षाकर्मियों के साथ अन्य कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खराब बताई जा रही है।
घायल महिला टाटा स्टील में ठेका कर्मचारी है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस हमलावर की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। घटना को लेकर टाटा कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


