जमशेदपुर में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला, 2504 पदों पर सीधी भर्ती का बड़ा अवसर


जमशेदपुर: शहर के गोलमुरी स्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय परिसर में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इस मेले में 8वीं पास से लेकर एमबीए तक की योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए 2504 पदों पर सीधी भर्ती का अवसर उपलब्ध कराया गया।

रोजगार मेले में कुल 27 कंपनियों ने भाग लिया। इनमें 23 स्थानीय कंपनियां, रांची की 2 कंपनियां तथा पुणे और चेन्नई की एक-एक कंपनी शामिल रहीं। यह मेला बीते चार वर्षों में जिले का सबसे बड़ा रोजगार मेला माना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2022 में आयोजित मेले में करीब 1800 पदों पर नियुक्ति हुई थी।
मेले में तकनीकी और प्रोफेशनल दोनों तरह के पदों के लिए भर्ती की गई। तकनीकी श्रेणी में सीएनसी/वीएनसी ऑपरेटर, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, मशीन ऑपरेटर और मैकेनिकल इंजीनियर जैसे पद शामिल थे। वहीं प्रोफेशनल पदों में डिजिटल मार्केटिंग मैनेजर, एचआर एग्जीक्यूटिव, आईटी एग्जीक्यूटिव और एमआईएस एग्जीक्यूटिव के अवसर उपलब्ध कराए गए।
इसके अलावा सिक्योरिटी गार्ड, शिक्षक, एलआईसी एजेंट, फील्ड ऑफिसर, रिसेप्शनिस्ट और ड्राइवर जैसे पदों पर भी चयन प्रक्रिया हुई। खास बात यह रही कि दुबई में रोजगार के लिए प्लंबर, टाइल्स मेसन और पाइप फिटर जैसे पदों के लिए भी उम्मीदवारों को मौका दिया गया।
भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 55 वर्ष निर्धारित की गई थी। चयनित उम्मीदवारों को 11,000 रुपये से 35,000 रुपये मासिक वेतन मिलने की संभावना है। मेले में महिला और पुरुष उम्मीदवारों के लिए समान अवसर उपलब्ध कराए गए।
आयोजकों के अनुसार, यह रोजगार मेला स्थानीय युवाओं के साथ-साथ झारखंड के युवाओं को देश से लेकर विदेश तक नौकरी के अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।



