मंदिर परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक, 48 घंटे में संचालन बंद करने का निर्देश

रांची : मेन रोड स्थित हनुमान मंदिर परिसर में अब पूजा और धार्मिक गतिविधियों के अलावा व्यावसायिक गतिविधियां नहीं चलेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को लेकर अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने सोमवार को मंदिर समिति और समाजसेवियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। संबंधित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को 48 घंटे के भीतर संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया। नगर निवेशक संजीव कुमार को नियमानुसार नोटिस जारी करने के लिए कहा गया।


निरीक्षण के दौरान मंदिर के सामने वाहनों के पड़ाव पर भी रोक लगा दी गयी। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए डेली मार्केट के पास स्थित टैक्सी स्टैंड में निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की जायेगी, जिससे मंदिर के सामने जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
दुर्घटना की आशंका को देखते हुए मंदिर परिसर में लगे विज्ञापन होर्डिंग को भी तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया। नगर निगम के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य मंदिर की गरिमा बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करना है।


