कोल इंडिया कर्मियों का PLR ₹1,10,250 तय, करीब 1.96 लाख गैर-कार्यकारी कामगारों को मिलेगा लाभ

धनबाद : कोल इंडिया के करीब 1.96 लाख गैर-कार्यकारी कर्मियों के वर्ष 2026 के सालाना बोनस यानी प्रदर्शन आधारित पुरस्कार (PLR) की राशि 1,10,250 रुपये तय हो गयी है। कोल इंडिया मुख्यालय कोलकाता में शुक्रवार को हुई एपेक्स जेसीसी की बैठक में इस राशि पर सहमति बनी। यूनियन ने 1.20 लाख रुपये PLR की मांग की थी, जबकि प्रबंधन ने 1.08 लाख रुपये का आंकड़ा रखा था। दोनों पक्षों के बीच चर्चा और कैलकुलेशन के बाद 1,10,250 रुपये पर अंतिम सहमति बनी। एक अप्रैल 2026 के आंकड़ों के अनुसार कोल इंडिया में 1,96,753 गैर-कार्यकारी कामगार कार्यरत हैं। पिछले वर्ष इन्हें 1.03 लाख रुपये PLR मिला था।


सीआईएल एपेक्स जेसीसी की बैठक सुबह 11.30 बजे चेयरमैन बी साईराम की अध्यक्षता में शुरू हुई। प्रबंधन ने ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशंस (OSH) Code-2020 पर पावर प्रेजेंटेशन दिया। लंच के बाद करीब तीन बजे दोबारा शुरू हुई बैठक में PLR का कैलकुलेशन किया गया। बैठक में बीएमएस से केएल रेड्डी, एचएमएस से हरभजन सिंह सिद्धू, सीटू से डी.डी. रामानंदन और एटक से लखनलाल महतो शामिल हुए। प्रबंधन की ओर से निदेशक मार्केटिंग सह प्रभारी निदेशक मानव संसाधन मुकेश चौधरी और निदेशक वित्त मुकेश अग्रवाल मौजूद रहे। पिछले वर्ष प्रक्रिया में शामिल इंटक को इस बार बैठक का निमंत्रण नहीं मिला था। PLR वार्ता में प्रतिनिधि को शामिल कराने की मांग को लेकर इंटक ने कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन शनिवार को भी यह सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हो सकी थी।
कोल इंडिया के गैर-कार्यकारी कर्मियों का PLR 2020 में 68,500 रुपये, 2021 में 72,500 रुपये, 2022 में 76,500 रुपये, 2023 में 85,000 रुपये, 2024 में 93,750 रुपये, 2025 में 1,03,000 रुपये और 2026 में 1,10,250 रुपये रहा। इस तरह छह वर्षों में राशि 41,750 रुपये बढ़ी है, जबकि पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार 7,250 रुपये की वृद्धि हुई है। निर्धारित नियमों के अनुसार एक अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच सेवानिवृत्त हुए करीब 8,351 कोलकर्मियों को भी इसका लाभ मिलने की बात कही गयी है। इसके अलावा सिंगरैनी कोलियरी कंपनी लिमिटेड (SCCL) के करीब 32 हजार कर्मियों के लिए भी PLR का प्रावधान है।


