कूलिंग पौंड छठ घाट की सफाई अधूरी, स्थानीय लोग श्रमदान कर कर रहे मरम्मत

बोकारो : चार दिवसीय छठ महापर्व शुक्रवार, 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। पर्व को लेकर शहर के अधिकांश प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई और सजावट पूरी कर ली गई है, लेकिन सेक्टर-9 स्थित कूलिंग पौंड छठ घाट की स्थिति अब भी ठीक नहीं है। घाट पर गंदगी और जलकुंभी जमा होने से छठव्रतियों को परेशानी हो सकती है। बीएसएल प्रबंधन की ओर से समुचित सफाई नहीं कराए जाने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।


घाट की बदहाल स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोग स्वयं श्रमदान कर सफाई और मरम्मत में जुटे हैं। लोग झाड़ियों को हटाने के साथ आसपास की गंदगी साफ कर रहे हैं। वहीं, कई परिवारों के सदस्य बालू और सीमेंट की मदद से घाट की सीढ़ियों और किनारों की मरम्मत तथा प्लास्टर करा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बीएसएल प्रबंधन से जल्द विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है।
दूसरी ओर, बीएसएल प्रबंधन ने सिटी पार्क छठ घाट, टू टैंक गार्डेन, जगन्नाथ मंदिर सूर्य सरोवर, सेक्टर-4 एफ सूर्य मंदिर और अयप्पा मंदिर छठ घाट की सफाई और रंगाई-पुताई का काम पूरा कर लिया है। जलाशयों में पानी की गहराई को देखते हुए छठव्रतियों की सुरक्षा के लिए किनारों पर बांस से घेराबंदी भी की गई है।


