ट्रक को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकराई बस, एक दर्जन से ज्यादा घायल

सिमडेगा : कोलेबिरा में सिमडेगा से रांची जा रही शिवम नामक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, इनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, कोलेबिरा प्रखंड कार्यालय के समीप विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे एक ट्रक को बचाने के प्रयास में बस चालक अपने वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे सड़क किनारे एक आम के पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण दौड़ पड़े और उन्होंने सभी घायलों को बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस व प्रशासनिक वाहनों से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोलेबिरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। घायलों में रोहन तिर्की, रिचा देवी, सुरेखा देवी, सुगंटी कुमारी, करण कुमार, जसमीत कुमारी, अर्पण हंस, शशि डुंगडुंग, एंजेला केरकेट्टा, वीर योगी, अनीता देवी, प्रमोद किंडो और दुर्ज आर्या समेत कई अन्य यात्री शामिल हैं।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल प्रमोद किंडो, दुर्ज आर्या और अनीता देवी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सिमडेगा रेफर कर दिया गया, जबकि बाकी घायलों का इलाज कोलेबिरा के स्वास्थ्य केंद्र में ही जारी है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और उनकी तत्परता से समय रहते सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सका। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।


