भभुआ में दिनदहाड़े शिक्षा विभाग के पास चली गोलियां! युवक को मारी गोली, वाराणसी रेफर – शहर में दहशत


Lok Alok News डेस्क | भभुआ: – बिहार के भभुआ शहर में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब शिक्षा विभाग के कार्यालय के पास एनएच-219 पर सरेआम फायरिंग की गई। बाइक सवार बदमाशों ने 22 वर्षीय युवक अभिषेक कुमार पर अचानक गोलियां बरसाईं और मौके से फरार हो गए। युवक को गोली उसके हाथ में लगी है, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन अभिषेक को BHU वाराणसी ट्रॉमा सेंटर ले गए हैं।
घटना के समय अभिषेक अपने किसी परिचित को अखलासपुर बस पड़ाव पर छोड़कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह शिक्षा विभाग के दफ्तर के पास पहुंचा, घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। एक गोली उसके हाथ में लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद सरकारी कार्यालय क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के दौरान अभिषेक ने पुलिस को बयान में दो हमलावरों के नाम बताए हैं, जिसके आधार पर पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
फिलहाल गोली चलाने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस शुरुआती जांच में इसे आपसी रंजिश का मामला मान रही है। घटना के बाद शिक्षा विभाग के आस-पास के इलाकों में दहशत है और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं ।




