पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी, झारखंड में हाई अलर्ट, कई परिसरों में सघन तलाशी

रांची : झारखंड के धनबाद और देवघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे रांची स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को एक अज्ञात ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें राज्य के सभी पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित जिलों के पुलिस प्रशासन को अलर्ट किया गया और दोनों शहरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।


धनबाद में एहतियात के तौर पर जिस भवन में पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित होता है, वहां स्थित मुख्य डाकघर को खाली करा दिया गया। पुलिस ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की मदद से जांच शुरू की। इसके अलावा डाकघर से सटे बीएसएनएल कार्यालय और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के कार्यालय को भी खाली कराया गया। वहीं देवघर में एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रधान डाकघर परिसर स्थित पासपोर्ट कार्यालय की गहन तलाशी ली और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच की।
फिलहाल दोनों स्थानों से किसी भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस धमकी भरे ईमेल को गंभीरता से लेते हुए साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने तक पासपोर्ट कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी तथा लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।


