खरसावां के कुदासिंगी गांव में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, हत्या की आशंका


सरायकेला–खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदासिंगी गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पेड़ से झूलता हुआ बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान असम के सोनितपुर जिला अंतर्गत हगेरी गांव निवासी इंद्रेश्वर नाथ के 30 वर्षीय पुत्र कैलाश नाथ के रूप में हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार कैलाश नाथ पुणे से गुवाहाटी जाने के लिए आज़ाद हिंद एक्सप्रेस में सवार था। किसी कारणवश वह खरसावां में उतर गया। इसके बाद उसका शव कुदासिंगी गांव के पास रेलवे ट्रैक से लगभग 100 फीट दूर एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक का पैर जमीन से सटा हुआ था, जिससे आत्महत्या की बजाय हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई जा रही है। इस पहलू को पुलिस गंभीरता से जांच का विषय मान रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गुवाहाटी जाते समय राउरकेला के पास आज़ाद हिंद एक्सप्रेस में कैलाश नाथ की किसी युवक से नोकझोंक हुई थी। इस तथ्य को जांच का अहम बिंदु माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



