नदी में बही 13 वर्षीय पूनम का शव मिला, 45 मिनट की तलाश के बाद गोताखोरों ने निकाला

जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के सुवर्णरेखा नदी स्थित गांधी घाट पर शनिवार की शाम मोबाइल से वीडियो (रील) बनाने के दौरान तेज बहाव में बही पूनम कुमारी उर्फ पूजा (13) का शव रविवार सुबह स्थानीय गोताखोरों ने नदी से निकाल लिया। एसडीओ अर्णव मिश्रा ने खोजबीन के लिए गोताखोरों की टीम को मौके पर भेजा था। साकची, मानगो और सीतारामडेरा थाना प्रभारियों की मौजूदगी में गोताखोर नदी में उतरे और करीब 45 मिनट के प्रयास के बाद सुबह 9.30 बजे शव बरामद किया। पूनम के साथ नदी में बही आयुषी उर्फ ज्योति को पहले ही बाहर निकाल लिया गया था और उसका एमजीएम में इलाज जारी है।


गोताखोरों के अनुसार, पूनम का शव घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर निर्माणाधीन ब्रिज के पास पानी के नीचे एक बड़े चट्टान के बीच फंसा हुआ था। बच्ची का हाथ हल्का दिखाई देने के बाद दो गोताखोर पानी के भीतर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। बेटी का शव देखकर मां राखी देवी और परिवार के लोग बिलख पड़े। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया, हालांकि परिवार के लोग पोस्टमार्टम कराने से प्रशासन को मना कर रहे थे।
सूचना मिलने पर नदी घाट पहुंचे पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने गोताखोरों को उनके कार्य के लिए आर्थिक सहायता दी। वहीं, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बच्ची की मौत पर शोक जताते हुए ऐसी घटनाओं के लिए तत्काल सहायता टीम बनाने की मांग की, ताकि घटना होते ही टीम बिना देर किए मौके पर पहुंच सके। उन्होंने एमजीएम अस्पताल में इलाजरत दूसरी बच्ची के विशेष इलाज की बात भी कही।


