छात्रों के हक को लेकर भाजपा की आक्रोश रैली, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप



लोहरदगा : भाजपा ने झारखंडी छात्रों के मुद्दों को लेकर आक्रोश रैली निकाली।रैली लोहरदगा ब्लॉक स्थित टाउन हॉल से शुरू होकर उपायुक्त कार्यालय पहुंची और धरना-प्रदर्शन में बदल गई। भाजपा नेताओं ने हेमंत सरकार पर छात्रों के हितों की अनदेखी और युवाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने सरकार पर नौकरी बेचने का आरोप लगाते हुए झारखंडी छात्रों की हकमारी बंद करने की मांग की।


भानु प्रताप शाही ने सरकार के कार्यकाल में कोयला, बॉक्साइट, लौह अयस्क और बालू की लूट का भी आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस, राजद और वामपंथी दलों के साथ गठबंधन को लेकर भी हेमंत सोरेन पर निशाना साधा। पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने कांग्रेस और राजद पर झारखंडी हितों की उपेक्षा करने तथा राज्य की खनिज संपदा, प्रकृति और संस्कृति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री सह जिला प्रभारी अमित कुमार सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता ओम प्रकाश सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव और सरिता देवी ने झारखंडी छात्रों के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष ने विषय प्रवेश कराया और पवन तिग्गा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


