BJP ने सोनिया गांधी के आरोपों पर किया पलटवार


नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को आरोप लगाया कि पाकिस्तान और चीन को भारतीय जमीन पर कब्जा करने की ‘इजाजत’ देना और जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देना जैसी ‘ऐतिहासिक भूलें’ जवाहरलाल नेहरू की विरासत हैं। बता दें कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि सत्ताधारी दल का लक्ष्य देश के पहले प्रधानमंत्री की विरासत को ‘मिटाना’ नहीं बल्कि उनकी सामाजिक और राजनीतिक नींव को ‘नष्ट’ करना है। इस पर पलटवार करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि सोनिया गांधी ने जो ‘नष्ट’ शब्द इस्तेमाल किया, वह उनके बेटे राहुल गांधी का पर्याय है।भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने कई विपक्षी दलों को कमजोर किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में शरद पवार और उद्धव ठाकरे की पार्टी टूट गई, दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को गठबंधन में नुकसान हुआ और बिहार चुनाव में तेजस्वी यादव को हराने में कांग्रेस की लाइन जिम्मेदार रही। भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी की तुलना भस्मासुर से करते हुए कहा कि वे जिस दल के साथ खड़े होते हैं, उसे नुकसान पहुंच जाता है।भाटिया ने सोनिया गांधी से सवाल किया कि नेहरू की विरासत पर बात हो तो इन तथ्यों को कैसे भुलाया जा सकता है कि उन्होंने अनुच्छेद 370 को संविधान में शामिल होने दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सीट का प्रस्ताव नेहरू ने चीन के पक्ष में जाने दिया। इसके अलावा पाकिस्तान और चीन द्वारा भारतीय जमीन पर कब्जे पर भी उन्होंने कड़ा सवाल उठाया और इसे “ऐतिहासिक गलती” बताया।सोनिया गांधी ने आरोप लगाया था कि नेहरू को बदनाम करने की साजिश चल रही है। इस पर भाजपा ने कहा कि कांग्रेस इतिहास छिपा नहीं सकती। भाटिया के अनुसार, नेहरू का योगदान अपने स्थान पर सही है, लेकिन देश को नुकसान पहुंचाने वाली गलतियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पार्टी का कहना है कि यह ऐतिहासिक तथ्य हैं, जिन्हें कांग्रेस चाहे भी तो झुठला नहीं सकती।यह विवाद ऐसे समय में उठा है जब देश में राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है। भाजपा और कांग्रेस दोनों नेहरू से जुड़ी नीतियों पर अपनी-अपनी बात जनता तक पहुंचाने में जुटी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह बहस और तेज हो सकती है, क्योंकि दोनों पार्टियां इसे चुनावी मुद्दा बनाने की दिशा में बढ़ रही हैं।




