अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, हादसे के बाद चालक फरार

चाकुलिया : चाकुलिया-धालभूमगढ़ मार्ग पर टिटिहा के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक झंटू खामराई की मौत हो गई। मृतक गालूडीह थाना क्षेत्र के महुलिया का रहने वाला था। मिली जानकारी के अनुसार, झंटू गालुडीह से पश्चिम बंगाल के चिल्कीगढ़ स्थित अपने मामा के घर जा रहा था। इसी दौरान टिटिहा के पास घुमावदार सड़क पर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक के सिर में गंभीर चोट आई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही चाकुलिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया गया है।


