टीवी पत्रकारिता को बड़ा झटका: दूरदर्शन की दिग्गज समाचार वाचिका सरला माहेश्वरी का निधन


नयी दिल्ली : दूरदर्शन की लोकप्रिय और सम्मानित समाचार वाचिका रहीं सरला माहेश्वरी का निधन हो गया है। उनके निधन से टीवी पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।

1980 और 90 के दशक में सरला माहेश्वरी अपनी शांत आवाज़, शालीन प्रस्तुति और सटीक हिंदी उच्चारण के लिए जानी जाती थीं। उन्हें भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता का एक भरोसेमंद चेहरा माना जाता था।
उनके निधन को दूरदर्शन के ‘गोल्डन एरा’ के अंत के रूप में देखा जा रहा है। परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार 12 फरवरी को शाम 4 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर कर दिया गया।
दूरदर्शन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपने संदेश में कहा कि सरला माहेश्वरी ने अपनी सौम्य आवाज़ और गरिमापूर्ण प्रस्तुति से समाचार जगत में विशेष पहचान बनाई।
पोस्ट में यह भी कहा गया कि उनकी सादगी और संयम ने दर्शकों के मन में गहरा विश्वास कायम किया।
ऑल इंडिया महिला कांग्रेस ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी विश्वसनीयता और शालीनता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।
सरला माहेश्वरी उस दौर की प्रतिनिधि थीं जब समाचार प्रस्तुति में स्पष्टता, गरिमा और विश्वसनीयता को सबसे अधिक महत्व दिया जाता था। उनकी आवाज़ और अंदाज दर्शकों को भरोसा दिलाता था। उस समय एंकर की साख ही खबर की विश्वसनीयता मानी जाती थी।



