गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापना की मांग पर 17 नवंबर को धरना देगा भूमिज समाज

जमशेदपुर : भूमिज विद्रोह (1832-33) के महानायक वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा टाटा स्टील फाउंडेशन के ट्राइबल कल्चरल सेंटर (टीसीसी), सोनारी परिसर में स्थापित करने की मांग को लेकर भूमिज समाज 17 नवंबर को धरना-प्रदर्शन करेगा। सरदार मुंडा/नाया/डाकुआ हातु स्वशासन व्यवस्था, पूर्वी सिंहभूम की ओर से इस कार्यक्रम के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), धालभूम को आवेदन देकर प्रशासनिक अनुमति मांगी गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से भूमिज समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों समेत 500 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।


बोड़ाम प्रखंड के सरदार राधेश्याम सिंह भूमिज ने कहा कि वीर शहीद गंगा नारायण सिंह ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ भूमिज विद्रोह का नेतृत्व कर आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनका कहना है कि टीसीसी परिसर में प्रतिमा स्थापित होने से भूमिज समाज की ऐतिहासिक पहचान और गौरव को सम्मान मिलेगा तथा नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और बलिदान की जानकारी मिलेगी। संगठन के अनुसार, टाटा स्टील लिमिटेड और टाटा स्टील फाउंडेशन के समक्ष लगातार मांग उठाने के बावजूद अब तक ठोस पहल नहीं हुई है। संगठन ने प्रतिमा स्थापना पर सहमति, समयबद्ध कार्ययोजना, स्थल, अनुमति और बजट की व्यवस्था के साथ परिसर में उनके जीवन, संघर्ष और भूमिज विद्रोह (1832-33) से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारी प्रदर्शित करने की मांग की है। आयोजकों ने धरना शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से करने की बात कही है। कार्यक्रम को लेकर अमर सिंह सरदार, श्रावण सिंह मुंडा, राधाकृष्ण सिंह मुंडा, कालीराम सिंह और सुषेन सिंह सरदार सहित अन्य लोग सक्रिय हैं।


