कोवाली में आम के बगीचे में आगजनी, पुराने विवाद में तीन नामजद आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज जांच


जमशेदपुर : कोवाली थाना क्षेत्र में आम के एक बगीचे में आग लगाकर पेड़-पौधों को नष्ट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. यह मामला कोवाली के मजगांव निवासी पोल्टू मंडल की ओर से दर्ज कराया गया है, जिसमें उन्होंने अनुप मंडल, महितोष मंडल और जयंत मंडल को नामजद आरोपी बनाया है.घटना के बाद पोल्टू मंडल सीधे कोवाली थाना पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया है कि जिन तीन लोगों को नामजद किया गया है, उनसे उनका पूर्व से ही विवाद चल रहा है. इसी पुराने विवाद के कारण उन्होंने साजिश के तहत उनके आम के बगीचे में आग लगाई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. जल्द ही आरोपियों से भी पूछताछ की जाएगी.ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है. किसान वर्ग में चिंता है कि आपसी रंजिश के चलते इस तरह की वारदातें भविष्य में और नुकसान पहुंचा सकती हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.




