अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर उग्र भीड़ का हमला, पत्थरबाजी में जेसीबी के शीशे टूटे


भीलवाड़ा : राजस्थान के आसींद क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने गई नगर पालिका की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार कानपुरा चौराहे पर नगर पालिका कर्मचारी जेसीबी मशीन के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पथराव के दौरान जेसीबी मशीन को भी नुकसान पहुंचा और उसके कांच टूट गए। कुछ लोग हाथों में लकड़ियां लेकर भी मौके पर पहुंच गए और कर्मचारियों को डराने-धमकाने की कोशिश की, जबकि कुछ महिलाओं ने भी पत्थर फेंके। हालात बिगड़ते देख नगर पालिका की टीम को कार्रवाई रोककर पीछे हटना पड़ा।

घटना की सूचना मिलने पर आसींद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में कुछ लोगों को हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।



