अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में कथित तोड़फोड़, भाजपा पर हमला कराने का आरोप

कोलकाता : कैमक स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में बुधवार रात कथित हमला और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े हथियारबंद लोग जबरन कार्यालय में घुसे, कर्मचारियों के साथ मारपीट की, उनके मोबाइल फोन छीने और फर्नीचर समेत कार्यालय में तोड़फोड़ की। उन्होंने घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सुबह करीब 4:30 बजे सोशल मीडिया पर साझा किया।


अभिषेक बनर्जी ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि बार-बार फोन और ईमेल करने के बावजूद करीब दो घंटे तक पुलिस की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। खबर मिलने के बाद तृणमूल आईटी सेल की अध्यक्ष उपासना चौधरी सुबह कार्यालय पहुंचीं और घटना को गुंडागर्दी तथा विपक्ष की आवाज को निशाना बनाने की साजिश बताया। सुबह कैमक स्ट्रीट स्थित पूरे कार्यालय को पुलिस ने घेर लिया था और अंदर प्रवेश पर रोक थी।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि तृणमूल सरकार के शासनकाल में विभिन्न जिलों में भाजपा कार्यालयों और कार्यकर्ताओं के घरों में तोड़फोड़ तथा आगजनी की घटनाएं हुई थीं। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अगर ऐसी घटना हुई है तो अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।


