शादी से इनकार और दहेज मांगने का आरोप, युवती की आत्महत्या मामले में मंगेतर व परिवार पर प्राथमिकी

रांची : पुंदाग ओपी क्षेत्र की युवती विजयश्री नायक ने 19 सितंबर को घर की तीसरी मंजिल की छत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में उनके पिता विजय शंकर नायक ने पांच अक्तूबर को जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। उन्होंने गाजियाबाद निवासी अंजन चौधरी और उसके परिवार पर दहेज और रुपये की मांग करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। पिता के अनुसार, विजयश्री बेंगलुरु की एक कंपनी में सीनियर एग्जीक्यूटिव अकाउंट्स रिसीवेबल के पद पर कार्यरत थीं। अंजन चौधरी से उनकी सगाई हो चुकी थी और नौ दिसंबर 2026 को गाजियाबाद में शादी प्रस्तावित थी। वेन्यू की बुकिंग भी हो चुकी थी।

पिता का आरोप है कि सगाई के बाद पता चला कि अंजन इससे पहले दो बार सगाई तोड़ चुका था और उसके परिवार ने यह जानकारी छिपायी थी। उन्होंने अंजन पर शराब पीने और सगाई के बाद विजयश्री से बातचीत कम करने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, विजयश्री ने परिवार को बताया था कि अंजन और उसके परिवार की ओर से दहेज और रुपये की मांग की जा रही है। 12 सितंबर को वह अपनी बहन के साथ हैदराबाद गयी थीं। आरोप है कि 14 सितंबर को अंजन ने फोन पर शादी से इनकार कर दिया और 17 सितंबर को भी करीब सवा 10 बजे से 1:22 बजे तक हुई बातचीत में शादी नहीं करने की बात दोहरायी। विजयश्री 18 सितंबर की रात रांची लौटी थीं।
19 सितंबर को करीब तीन बजे विजयश्री की छोटी बहन ने पिता को फोन कर बताया कि वह घर की तीसरी मंजिल की छत पर फंदे से लटकी हुई हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता के अनुसार, घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में अंजन और उसके परिवार की ओर से कथित दहेज व रुपये की मांग और मानसिक दबाव का उल्लेख है। प्राथमिकी में उन्होंने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग, मानसिक उत्पीड़न और शादी से अचानक इनकार के कारण उनकी बेटी ने आत्महत्या की।


