बेरहम मां के बाद कातिल बाप इंश्योरेंस के पैसों के लिए अपने ही बेटे की करवा दी हत्या


लखनऊ:एक पिता के कंधे पर सबसे बड़ा बोझ बेटे का जनाजा होता है, लेकिन बदलते वक्त में कुछ लोगों के लिए पैसों की खनक के आगे रिश्तों के कोई मायने नहीं रह जाते हैं. फिर वो रिश्ता बाप-बेटे का ही क्यों न हो. उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से सामने आई एक वारदात ने बेटे के लिए पिता के असीम प्रेम की परंपरागत सोच की नींव को हिलाकर रख दिया है. यहां पर बीमा क्लेम के लालच में एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या करवा दी. पिता ने भाड़े के हत्यारों को साढ़े तीन लाख रुपए की सुपारी दी थी. हत्या के बाद लाश को सड़क किनारे फेंककर एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई. मरने वाले अनिकेत शर्मा के नाम पर 2 करोड़ 10 लाख का एक्सीडेंटल बीमा था.26 नवंबर को कुन्दरकी थाना क्षेत्र के मोहनपुर में सड़क किनारे एक युवक का शव मिला था. पहले लगा कि मामला एक्सीडेंट का है, लेकिन पोस्टमार्टम में साफ हुआ कि युवक की सिर में रॉड मारकर हत्या की गई है. पहचान होने पर पता चला कि मृतक अनिकेत शर्मा (30) था. पिता लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा और इसे हादसा बताता रहा.पुलिस जांच में सामने आया कि अनिकेत के नाम पर 2.10 करोड़ का एक्सीडेंटल बीमा था, जिसे बाबूराम छुपा रहा था. पूछताछ में बाबूराम टूट गया और उसने कबूला कि बीमा क्लेम के लिए बेटे की हत्या करवाई थी. एसपी ग्रामीण ने कहा कि चार आरोपी गिरफ्तार हैं और दो अभी फरार हैं. उन्होंने कहा कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.बेहद करीबी रिश्तों की दरकती जमीन का यह कोई पहला उदाहरण नहीं है. हाल ही में पानीपत की पूनम का मामला सामने आया है, जिसने अपने बेटे सहित चार बच्चों की हत्या कर दी. पुलिस ने कहा कि पूनम ने खूबसूरत दिखने की सनक’ के चलते इन अपराधों को अंजाम दिया. पूनम ने खासतौर पर सुंदर लड़कियों को निशाना बनाया.




