राष्ट्रपति आगमन को लेकर प्रशासन मुस्तैद, RIT थाना में शांति समिति की बैठक


आदित्यपुर :- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जिले में प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसी क्रम में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से RIT थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आर आई टी थाना प्रभारी संजीव कुमार समेत अन्य पदाधिकारी , जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक के दौरान 29 दिसंबर को राष्ट्रपति के कार्यक्रम के अवसर पर शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम नागरिकों से प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने की अपील की गई।

बैठक में अफवाहों से बचने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान विनय कृष्ण राजू ने सलाह देते हुए कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिस तरह पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है, उसी तरह भविष्य में भी सड़क किनारे अतिक्रमण को रोकते हुए क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि फुटपाथ दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि एक ओर यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और दूसरी ओर दुकानदारों की आजीविका पर भी असर न पड़े।
प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ आमजन की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।



