दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री से मारपीट के मामले में एक्शन


नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट वीरेंद्र सेजवाल को यात्री पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 19 दिसंबर को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर हुई थी, जिसके बाद पीड़ित यात्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।पीड़ित अंकित दीवान के अनुसार, वह अपनी सात साल की बेटी और चार महीने के बच्चे के साथ यात्रा कर रहे थे। दीवान के अनुसार, यह विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने सुरक्षा चौकी पर कथित तौर पर कतार तोड़ने वाले कुछ कर्मचारियों पर आपत्ति जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि शारीरिक हमले से पहले पायलट ने उन्हें मौखिक रूप से गाली दी. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बयान जारी कर कहा है कि उसे उस घटना की जानकारी है जिसमें एक कर्मचारी शामिल था जो उस समय किसी अन्य एयरलाइन में यात्री के रूप में यात्रा कर रहा था. एयरलाइन ने आंतरिक जांच लंबित रहने तक पायलट को तत्काल प्रभाव से आधिकारिक कर्तव्यों से हटा दिया है.

मेडिकल जांच में दीवान की नाक की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई थी। उन्होंने यह भी बताया कि पूरी घटना उनकी बेटी के सामने हुई, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं।शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मौजूद गवाहों के बयान एकत्र किए। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी पायलट को पूछताछ के लिए बुलाया गया और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।



