शख्स ने शादी के बाद पैदा किए 9 बच्चे,पत्नी की पीट-पीटकर निकाल दिया दम


उदयपुर: उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना इलाके के उंडीथल गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शख्स ने नए साल 2026 के मौके पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद वह अपने बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ फरार हो गया. मृतका के पीहर पक्ष के परिजनों ने अपने दामाद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है. हत्या की इस वारदात में आरोपी के बहनों के शामिल होने का भी आरोप है. हत्या की इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.गोगुंदा थाना पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सीता कालबेलिया के रूप में हुई है. वह 9 बच्चों की मां थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति शैताननाथ ने मामूली विवाद के बाद 1 जनवरी की शाम को सीता के बेरहमी से मारपीट की. इस दौरान उसके बच्चे भी वहीं मौजूद थे. उन्होंने पिता के कहर से मां को बचाने का प्रयास भी किया. लेकिन सफल नहीं हुए.हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी पति और उसके परिवार के लोग मौके से फरार हो गए. हत्या की सूचना मिलते ही गोगुंदा थानाधिकारी पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. वहां आज शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. परिजनों का कहना है कि सीता के साथ आए दिन मारपीट होती थी. शैताननाथ उसके साथ रोजाना कलह करता था. सीता ने यह बात पीहर के लोगों को बताई थी. इस पर शैताननाथ से कई बार समझाइश भी की गई थी. लेकिन उस पर कोई फर्क नहीं पड़ा. पुलिस ने पीहर पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है.




