जंगल में मां-बाप के शव की रखवाली करता रहा 5 साल का बच्चा


ओडिशा: ओडिशा से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 5 साल का बच्चा हाड़ कंपा देने वाली ठंड में भी पूरी रात जंगली इलाके में अपने मृत पिता और बेहोश मां के पास बैठकर उनकी रखवाली करता रहा. मासूम बच्चा रविवार (28 दिसंबर) की सुबह लोगों से मदद मांगने के लिए जंगल से निकलकर बाहर आया.घटना ओडिशा के देवगढ़ जिले की है और यह मामला तब सामने आया, जब एक मासूम बच्चा जंगल के पास सड़क पर राहगीरों से मदद मांगता दिखा. पुलिस ने बताया कि बच्चे के माता-पिता दुष्मंत माझी और रिंकी माझी (कुंधईगोला पुलिस थाने के तहत जियानंतपाली गांव के निवासी) ने मोटरसाइकिल से घर लौटते समय घरेलू विवाद के चलते कीटनाशक का सेवन कर लिया था.पुलिस ने कहा कि उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल सड़क के किनारे खड़ी की और बच्चे के साथ लगभग एक किलोमीटर पैदल चलकर जंगल में चले गए. पुलिस को जंगल में तीनों लोगों के जहरीला पदार्थ खाने का संदेह है.देवगढ़ के एडिशनल एसपी, धीरज चोपदार ने बताया कि कीटनाशक खाने के बाद दुष्यंत की एक घंटे के अंदर मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी रिंकी बेहोश हो गई. छोटे बेटे ने उन्हें जमीन पर पड़ा देखा. लड़का पूरी रात अपने माता-पिता की रखवाली करता रहा और सूरज निकलने के बाद सड़क पर आकर लोगों को बुलाया.ASP ने बताया कि महिला की भी बाद में पड़ोसी अंगुल जिले के छेन्दीपाड़ा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. लेकिन बच्चा बच गया. हालांकि उसे भी उसके माता-पिता ने कीटनाशक दिया था. बच्चे की सेहत ठीक थी और शुरुआती इलाज के बाद उसे उसके दादा-दादी को सौंप दिया गया.
ASP ने बताया कि इस बात की जांच चल रही है कि दंपति के बीच किस बात पर झगड़ा हुआ और वे बाइक पर यात्रा करते समय कीटनाशक क्यों ले जा रहे थे.




