आदिवासी धर्म कोड की मांग पर नासिक से दिल्ली तक निकलेगी पदयात्रा, 15 दिसंबर को होगी सभा

रांची : आदिवासी समाज के लिए अलग धर्म कोड लागू करने की मांग को लेकर 1 से 15 दिसंबर तक नासिक से दिल्ली तक पदयात्रा निकाली जाएगी। आदिवासी संघर्ष नया यात्रा नाम से आयोजित इस अभियान में देशभर के करीब 200 सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ 781 जनजातियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यात्रा का समापन 15 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल सभा के साथ होगा।

इस संबंध में गुरुवार को हेहल बगीचा में राष्ट्रीय आदिवासी समन्वय समिति सहित विभिन्न आदिवासी संगठनों ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन किया। इसमें पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव, पूर्व मंत्री देवकुमार धान और आदिवासी जन परिषद के अध्यक्ष प्रेमशाही मुंडा ने अलग आदिवासी धर्म कोड लागू करने की मांग उठाई।
वक्ताओं ने कहा कि जनगणना में धर्म कोड का विशेष महत्व है, क्योंकि इसके आंकड़ों के आधार पर विधानसभा की सीटें निर्धारित होती हैं और जनजातीय उपयोजना का बजट तैयार किया जाता है। उनका कहना था कि अलग धर्म कोड नहीं होने से आदिवासी समाज की धार्मिक पहचान और अधिकारों को जनगणना में उचित रूप से दर्ज कराने में परेशानी होती है। उन्होंने धार्मिक न्यास बोर्ड के गठन में भी इसे बाधा बताया। इस दौरान समाज के नेताओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, पाहन-पुरोहितों, पड़हा समितियों, मानकी-मुंडा संघों और नायके से पदयात्रा में शामिल होकर मांग को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की अपील की गई। संवाददाता सम्मेलन में शीला उरांव, अभय भुटकुंवर और कालिका गाड़ी सहित अन्य लोग मौजूद थे।


