उद्योगों को भी देना होगा होल्डिंग टैक्स, 70 इकाइयों को नोटिस; कट सकता है पानी का कनेक्शन

आदित्यपुर : औद्योगिक क्षेत्र में संचालित उद्योगों को अब आदित्यपुर नगर निगम को होल्डिंग टैक्स देना होगा। इसको लेकर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। पहले चरण में पानी का उपयोग करने वाली 70 औद्योगिक इकाइयों को नोटिस जारी किया गया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में टैक्स जमा नहीं करने पर संबंधित उद्योगों का पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा।

औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी लंबे समय से होल्डिंग टैक्स का विरोध करते रहे हैं। उनका तर्क है कि वे पहले से ही जियाडा को विभिन्न मदों में शुल्क देते हैं, ऐसे में दो अलग-अलग संस्थाओं को भुगतान करना उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। यह मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था। पिछले कुछ वर्षों में हाईकोर्ट ने नगर निगम के पक्ष में व्यवस्था देते हुए नगर विकास विभाग और उद्योग विभाग को आपसी बातचीत से समस्या का समाधान निकालने का निर्देश दिया था। विभागीय निर्देश के बाद नगर निगम ने दोबारा टैक्स वसूली की प्रक्रिया शुरू की है। सीटी मैनेजर रोबिन सौरभ कच्छप ने बताया कि बिना होल्डिंग नंबर के पानी का कनेक्शन देने का प्रावधान नहीं है।
वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घरों का होल्डिंग टैक्स निर्धारित करने के लिए नगर निगम ने शिविर भी लगाया है। दिसंबर माह से प्रत्येक वार्ड में टैक्स निर्धारण और वसूली के लिए शिविर लगाने की तैयारी है। इसके लिए पांच राजस्व निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। योजना के अनुसार, हर दिन तीन वार्डों में शिविर आयोजित कर नए होल्डिंग नंबर जारी करने और बकाया टैक्स वसूलने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। टैक्स जमा नहीं करने वाले उद्योगों के खिलाफ पानी का कनेक्शन काटने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।


