छोटागोविंदपुर में सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, विधायक निधि से हुआ निर्माण

जमशेदपुर : छोटागोविंदपुर स्थित सरदार बल्लभभाई पटेल स्कूल परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक समिति ने समारोह आयोजित कर लौह पुरुष की आदमकद प्रतिमा का अनावरण कराया। करीब 6 लाख रुपये की लागत वाली यह प्रतिमा जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी की विधायक निधि से बनाई गई है।

अनावरण में विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व उपायुक्त गणेश कुमार, समिति संयोजक रामाश्रय प्रसाद, जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह और विजय यादव समेत कई लोग मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि सरदार पटेल ने रियासतों को एकजुट कर देश को मजबूत आधार दिया।
उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर में लगी यह प्रतिमा विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देगी। कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।


